वन-परिक्षेत्र छिंदी में बांस की चली अवैध कटाई, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
छिंदवाड़ा जिले के तमिया विकासखंड अंतर्गत वन परिक्षेत्र छिंदी में इन दिनों बड़े पैमाने पर बांस की अवैध कटाई का मामला सामने आ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों एवं सूत्रों का आरोप है कि वन क्षेत्र में लगातार हरे बांस काटे जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।जानकारी के अनुसार जंगलों से रात के समय बांस की निकासी की जा रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी वन विभाग केवल औपचारिक जांच कर मामले को शांत करने में लगा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार हो रही अवैध कटाई के कारण जंगलों का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में वन क्षेत्र गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
जिम्मेदारों की भूमिका पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते वन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और लगातार अवैध कटाई होने के बावजूद अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि शासन द्वारा जंगलों की सुरक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर वन संपदा को बचाने में जिम्मेदार अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ वन अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जंगलों में नियमित गश्त बढ़ाने और अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाने की अपील भी की है।


