सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बनी मराठी फिल्म ‘राजा शिवाजी’

राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाया है। यह फिल्म मराठी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। आइए जानते हैं इसने अभी तक कितना कलेक्शन किया है?

अभिनेता रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। यह फिल्म ‘सैराट’ (2016) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन गई है। ‘राजा शिवाजी’ के मेकर्स ने आज इसका ग्लोबल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शेयर किया है।

‘राजा शिवाजी’ के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि फिल्म ने रिलीज से अब तक दुनियाभर में 114.8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। मेकर्स के मुताबिक दो हफ्तों और तीसरे वीकेंड के बाद फिल्म का कलेक्शन भारत में 109.9 करोड़ रुपये और विदेशों में 4.9 करोड़ रुपये रहा। जियो स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का कलेक्शन शेयर करते हुए ‘राजा शिवाजी’ को अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बताया है।

रितेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की थी। इसने ओपनिंग वीकेंड पर 23.90 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी और मराठी सिनेमा के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। यह पहली मराठी फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी ओपनिंग ली थी।

एक मई को रिलीज हुई फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने 11.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इस दिन इसे महाराष्ट्र दिवस का फायदा मिला था। शनिवार और रविवार को भी फिल्म को वीकएंड का फायदा मिला और इसने क्रमश: 10.55 और 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

इस फिल्म में कई बड़े कलाकार शामिल हैं, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है।सलमान खान की स्पेशल अपीयरेंस ने सिनेमाघरों में दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया बटोरी है। खास बात यह है कि यह फिल्म रितेश और जेनेलिया के बेटे राहिल के एक्टिंग करियर की भी शुरुआत है।